Staging Environment
हल्का-फुल्का

लिंक्ड-इन पर जैसा दिखता है, वैसा होता नहीं है?

लिंक्ड-इन एक ऐसा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है जो करियर के लिहाज से बहुत जरूरी है लेकिन यहां पर जो दिखाया जाता है और असल जिंदगी में जो होता है, उसमें जमीन-आसमान का अंतर होता है।
30 जनवरी 2026 को प्रकाशित

1. प्रोग्राम मैनेजर

लिंक्ड-इन पर लिखते हैं: जमीनी बदलाव के लिए हमेशा तैयार। समुदाय और ऑफिस की टीम के साथ मिलकर ऐसे प्रोग्राम को आकार देना जो देश के आखिरी गांव के, आखिरी व्यक्ति तक पहुंच सके।

असल में लिखना चाहते हैं: नौकरी पायलट प्रोजेक्ट जैसी हो गई है, चल तो रही है लेकिन पता नहीं कब तक चलेगी। मेरे भाग्य में केवल सरकारी दफ्तरों के फेरे लिखे हैं, क्या? डेजिग्नेशन में मैनेजर लिखा होने से सैलरी भी मैनेजर वाली नहीं हो जाती है!

2. मॉनीटरिंग और इवैल्यूएशन विशेषज्ञ

लिंक्ड-इन पर लिखते हैं: डाटा और फीडबैक की मदद से इम्पैक्ट की गहराई को समझना और समझाना।

असल में लिखना चाहते हैं: क्या मैंने इतनी पढ़ाई-लिखाई सिर्फ इसलिए की थी कि परिवार और दोस्तों के व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज भेज-भेजकर, जबरन उनसे इम्पैक्ट फॉर्म भरवाने का काम करूं? दोस्त कह रहे हैं डॉक्टर को दिखा लूं क्योंकि हर बात के अंत में मेरे मुंह से निकल ही जाता है – “पर क्या ये असल में इंपैक्ट है?”

3. मार्केंटिग लीड

लिंक्ड-इन पर लिखते हैं: मार्केटिंग में दशकों का अनुभव, समुदाय की आवाज सामने लाने और संस्थाओं को समुदायों तक पहुंचाने में विशेषज्ञता।

फेसबुक बैनर_आईडीआर हिन्दी

असल में लिखना चाहते हैं: मेरी सोशल मीडिया टीम में केवल मैं हूं और मेरी परछाईं। कभी-कभी लगता है मैं ही कंटेंट हूं। टीम को रील बनाने के लिए मनाने में जितनी मेहनत करता हूं, उतनी देर में एक पूरी फिल्म बन सकती है।

4. फंडरेजिंग असोसिएट

लिंक्ड-इन पर लिखते हैं: संस्था के रेवेन्यू को ऊंचाई पर ले जाने की कुशलता। फंडिंग जुटाने के लिए डोनर पार्टनरशिप को, कागजों से निकालकर जमीन पर लाने के विशेषज्ञ।

असल में लिखना चाहते हैं: परिवार वालों, खासकर पापा को समझाना कि दान मांगने और जुटाने में बहुत फर्क होता है। नमस्ते, सलाम, हैलो, हाय जैसे हजारों शब्द लिखकर भी डोनर से जवाब न पाने पर भी निराश न होने की असीम ताकत से लैस।

5. ऑपरेशन्स हेड

लिंक्ड-इन पर लिखते हैं: संगठनात्मक दक्षता को बेहतर बनाने के लिए क्रॉस-फंक्शनल को-ऑर्डिनेशन, खरीद प्रक्रिया और कम्प्लायंस का नेतृत्व।

असल में लिखना चाहते हैं: संस्था बिना रसीद के एक एक्स्ट्रा पेन भी खरीद ले तो मेरा बीपी बढ़ जाता है। सबको लगता है कि सबके चाय-नाश्ते की जिम्मेदारी मेरी है, असलियत यह है कि मैं ही पूरी संस्था को चलाए रखता हूं।

इस लेख को अंग्रेजी में पढ़ें

लेखक के बारे में